मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र के गांव जोला में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। मकान की छत पर काम करते समय युवक ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से घर में भी नुकसान हुआ है।गांव निवासी इस्पाक का पुत्र आसिफ शनिवार को अपने मकान की छत पर पड़ी पन्नी ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए मेरठ ले गए, जहां अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। युवक की हालत गंभीर बताई गई है।हादसे के दौरान करंट का असर मकान के निचले हिस्से तक पहुंच गया। वहां रखी एक खाट जल गई, जबकि घर में लगे कई बिजली के उपकरण भी खराब हो गए। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि आबादी के बीच मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें लगातार खतरा बनी हुई हैं। इस संबंध में पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटवाने और भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।