मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नई मंडी क्षेत्र में शिवा टूरिस्ट ढाबे के पास अनियंत्रित पजेरो कार सड़क किनारे बने एक खोखे में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खोखे का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार कुछ सेकेंड के अंतर से कार की चपेट में आने से बच गया।बताया गया कि 28 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे पजेरो कार कोलकाता से कुरुक्षेत्र की ओर जा रही थी। हाईवे पर शिवा टूरिस्ट ढाबे के पास पहुंचते ही चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे बने खोखे में जा घुसी। टक्कर से खोखे में रखा सामान और उसका ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई।घटना ढाबे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। तीन दिन बाद इसका वीडियो सामने आने पर हादसे का दृश्य चर्चा में आ गया।