सहारनपुर। नागल थाना क्षेत्र के बेलड़ा जुनारदार गांव में 11 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शुक्रवार शाम घर से खेलने निकला बच्चा रातभर वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला। बच्चे के शरीर पर जगह-जगह नोचे जाने और काटने के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि आवारा कुत्तों ने उस पर हमला किया।मृतक की पहचान प्रियांशु पुत्र रविंद्र के रूप में हुई है। वह गांव के ही स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव के अलावा आसपास के खेतों में भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह खेत में उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में आवारा कुत्तों का आतंक पहले से बना हुआ है। दो दिन पहले भी कुत्तों ने आरव और सोनू नाम के बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। अब प्रियांशु की मौत के बाद ग्रामीणों में भय और नाराजगी है। लोगों ने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।सूचना पर नागल थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group