बागपत। मजदूरी के लिए घर से निकले 42 वर्षीय व्यक्ति की देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिजनों ने ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।अहैड़ा गांव निवासी दीपक कुमार शनिवार को मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक, गांव के चार लोग उन्हें अपने साथ लेकर गए थे। देर रात करीब 12 से एक बजे के बीच परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली। बताया गया कि सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौटते समय दीपक अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।दीपक के भाई दिनेश ने बताया कि शाम को कुछ लोग उनके भाई को मजदूरी के लिए लेकर गए थे। रात में मौत की खबर मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दीपक को काम के लिए बुलाया गया था, इसलिए उनकी मौत की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शहर कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल के अनुसार, दीपक अहैड़ा गांव के निवासी थे और घटना सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस परिजनों के आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।