बिजनौर। शहर की रिहायशी कॉलोनियों में कई दिनों से लोगों के लिए परेशानी का सबब बना गुलदार आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में फंस गया। रविवार सुबह शिवालाक सरोजनी नगर कॉलोनी में गुलदार पकड़े जाने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गुलदार के पकड़े जाने से क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की है।भाजपा जिला कार्यालय के पास स्थित इस कॉलोनी और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से गुलदार की आवाजाही देखी जा रही थी। सुबह-शाम लोगों में डर बना रहता था। बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी परिवार चिंतित थे। गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने कॉलोनी के नजदीक पिंजरा लगाया था। रविवार सुबह वह इसी पिंजरे में कैद हो गया।गुलदार के पकड़े जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय वन अधिकारी महेश गौतम के अनुसार, टीम ने गुलदार को सुरक्षित पिंजरे सहित रेंज कार्यालय पहुंचाया। वहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद वन विभाग के नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।गुलदार पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने कॉलोनियों के खाली प्लॉटों में उगी झाड़ियों और जमा कबाड़ की सफाई कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि ऐसे स्थान जंगली जानवरों के छिपने का ठिकाना बन सकते हैं। लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group