मुजफ्फरनगर। धर्म और पर्यटन के प्रमुख केंद्र शुक्रताल में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने नई व्यवस्था शुरू की है। यहां आधुनिक सुविधाओं वाला कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिससे क्षेत्र की निगरानी और आपात स्थिति में पुलिस की मदद पहुंचाने में तेजी आएगी। मंगलवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी सूरज कुमार राय ने इसका उद्घाटन किया।कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखी जाएगी।

पुलिसकर्मियों के बीच तुरंत सूचना पहुंचाने के लिए वायरलेस सिस्टम लगाया गया है। यहां दिन-रात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी, ताकि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।खास बात यह है कि कंट्रोल रूम में केवल निगरानी ही नहीं, बल्कि आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम भी किए गए हैं। प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड किट, बिजली जाने की स्थिति में इमरजेंसी लाइट और आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।उद्घाटन के बाद डीएम और एसएसपी ने व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कैमरों की निगरानी लगातार की जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना पर बिना देरी किए कार्रवाई की जाए। इस दौरान एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, सीओ भोपा राधारमण सिंह और थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।नई व्यवस्था से शुक्रताल में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा मजबूत होने के साथ पुलिस की आपातकालीन मदद भी पहले से तेज होने की उम्मीद है।