मुजफ्फरनगर। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में खरीदारी बढ़ने के साथ ही घटतौली करने वाले दुकानदारों पर बाट-माप विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। बुधवार को मीरापुर कस्बे में विभाग की टीम ने करीब एक दर्जन दुकानों पर पहुंचकर नाप-तौल के उपकरणों की जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कई दुकानदारों के चालान किए गए।बाट-माप अधिकारी कल्पना तोमर के नेतृत्व में टीम ने मिठाई, तेल और गैस सिलेंडर से जुड़ी दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान तराजू और बांट की जांच की गई। साथ ही पैकिंग वाले सामान पर लिखी मात्रा का वास्तविक वजन से मिलान किया गया, ताकि ग्राहकों को पूरा सामान मिल सके।मिठाई की दुकानों पर जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को खास हिदायत दी कि मिठाई के वजन में डिब्बे का वजन शामिल न करें। ग्राहक को जितनी मिठाई दी जाए, उसी का वजन करके कीमत वसूली जाए। डिब्बे का वजन मिठाई में जोड़कर पैसे लेना नियमों के खिलाफ है।टीम ने तेल और गैस सिलेंडर से जुड़े प्रतिष्ठानों पर भी नाप-तौल की व्यवस्था परखी। जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर कई दुकानदारों के चालान किए गए। अधिकारी कल्पना तोमर ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि ग्राहकों को कम सामान देने या वजन में गड़बड़ी करने पर कार्रवाई की जाएगी।विभाग की इस कार्रवाई से बाजार में दुकानदारों के बीच हलचल रही। अधिकारियों ने साफ किया कि त्योहार के दौरान ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।