मुजफ्फरनगर। शहर के एसडी कॉलेज में परीक्षा देने के लिए घर से निकली 20 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। युवती का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परेशान पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव रोहाना कलां का है। युवती के पिता के अनुसार, उनकी बेटी 29 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे परीक्षा देने के लिए एसडी कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ रिश्तेदारों तथा परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चला।परिजनों ने युवती के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, मगर फोन बंद मिला। इसके बाद पिता ने गांव के ही सन्नी सैनी पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताया है। उन्होंने तीन नवंबर को कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर देकर बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई।पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी है। मामले की जांच कर लापता युवती को सकुशल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।