मुजफ्फरनगर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों पर निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार रात अधिकारियों ने जिले में कई दुकानों की जांच की। टीम के सदस्य ग्राहक बनकर दुकानों पर पहुंचे और शराब खरीदी। इस दौरान यह देखा गया कि दुकानदार बोतलों पर लिखी कीमत से अधिक रुपये तो नहीं ले रहे हैं।अधिकारियों ने रात नौ बजे से 12 बजे तक अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों में रखी शराब और बिक्री के रिकार्ड का मिलान किया गया। पीओएस मशीन से हो रही बिक्री की भी जांच की गई। अधिकारियों ने शराब की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड स्कैन करके उनकी जानकारी का सत्यापन किया।टीम ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि शराब की बिक्री तय कीमत पर ही करें। ग्राहकों से अधिक पैसे लेने या स्टॉक में गड़बड़ी करने पर कार्रवाई की जाएगी। दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और हर बिक्री का रिकॉर्ड दर्ज करने के लिए भी कहा गया।इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने मुझेडा टोल प्लाजा और बायवाला चौराहे पर वाहनों को रोककर जांच की। वाहनों के जरिये अवैध रूप से शराब ले जाने की आशंका पर चेकिंग की गई। इसके अलावा रेस्टोरेंटों में भी जांच की गई कि कहीं नियमों के खिलाफ शराब तो नहीं परोसी जा रही है।विभाग का कहना है कि शराब की दुकानों पर सही कीमत पर बिक्री कराने और अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया है। आगे भी दुकानों और वाहनों की जांच जारी रहेगी।