बागपत। पुलिस की ड्यूटी के साथ खेल के मैदान में भी बागपत की महिला पुलिसकर्मियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 34वीं यूपी मास्टर एथलेटिक्स मीट 2026-27 में महिला मुख्य आरक्षी उपासना और यशोदा ने शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल किए। उनकी इस सफलता से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।महिला मुख्य आरक्षी 321 उपासना और 487 यशोदा ने प्रतियोगिता में हाई जंप, लॉन्ग जंप और जेवलिन थ्रो सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। दोनों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के आधार पर दोनों महिला पुलिसकर्मियों का चयन आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।दोनों की सफलता पर पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों ने खेल प्रतियोगिता में जिस तरह अपनी प्रतिभा दिखाई है, वह अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर बागपत के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करेंगी।सम्मान मिलने पर दोनों महिला मुख्य आरक्षियों ने खुशी जताई। उनकी इस उपलब्धि को पुलिस विभाग के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।