मुजफ्फरनगर। नुमाइश ग्राउंड में शुक्रवार को दिव्यांगजनों के लिए हुनर हाट एवं दीपावली मेले का आयोजन किया गया। मेले में दिव्यांगों ने अपने हाथों से तैयार किए सामान के स्टाल लगाए। यहां मिट्टी के बर्तन, दीपक, मोमबत्तियां, सजावट का सामान, बैग और खाने-पीने की वस्तुएं लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। अलग-अलग संस्थाओं की ओर से कुल 25 स्टाल लगाए गए।दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और नींव शक्ति संस्था की ओर से आयोजित मेले का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया। उन्होंने सभी स्टालों पर जाकर सामान देखा और दिव्यांगजनों के काम की तारीफ की। इस दौरान दिव्यांग प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।राज्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों में भी बहुत प्रतिभा है। उन्हें सही अवसर मिले तो वे अपने हुनर से अच्छी पहचान बना सकते हैं। ऐसे मेले उन्हें अपना सामान बेचने और रोजगार बढ़ाने का मौका देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को पेंशन, दुकान बनाने के लिए सहायता राशि और जरूरत के उपकरण उपलब्ध करा रही है। दिव्यांग पेंशन को एक हजार रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है। सरकार का प्रयास है कि दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनें और अपना जीवन सम्मान के साथ जी सकें।कार्यक्रम में डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, नगर पालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार और रामकुमार कश्यप सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नींव शक्ति संस्था की निदेशिका ऋचा वल्लभ खुल्वे सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।