बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक कैब चालक पर अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों की हत्या करने का आरोप है। मृतकों में सात साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंदुशेखर और उसकी पत्नी सुनीता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी के मायके जाने और उसके परिजनों के घरेलू मामलों में हस्तक्षेप को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। इसी रंजिश ने कथित तौर पर इतना गंभीर रूप ले लिया कि आरोपी ने पूरे परिवार को निशाना बना लिया।जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी के मायके पक्ष के लोगों को भोजन के बहाने अपने घर बुलाया था। आरोप है कि उसने खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। परिवार के सदस्य बेहोश हो गए तो आरोपी ने उन पर सिल-बट्टे और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया। इस वारदात में उसकी पत्नी, सास, दो साले, दोनों सालों की पत्नियां और एक सात वर्षीय बच्चे की जान चली गई।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात को एक ही दिन में अंजाम देने के बजाय करीब 15 दिनों के अंतराल में अलग-अलग समय पर हत्याएं कीं। इसके बाद शवों को कार में रखकर अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने का आरोप है। नंदी हिल्स और आसपास के इलाकों में शवों को फेंके जाने की बात भी जांच में सामने आई है।मामले का खुलासा उस समय हुआ जब परिवार की एक महिला सदस्य के लापता होने पर उसके मायके पक्ष ने पुलिस से संपर्क किया। रिश्तेदारों को पहले परिवार के घूमने जाने का संदेश मिला था, लेकिन लगातार संपर्क नहीं होने और घर पर ताला लगा मिलने से संदेह गहराने लगा। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ की तो मामले की परतें खुलती चली गईं।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अहम साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात में इस्तेमाल कार और अन्य सामान भी कब्जे में लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में घरेलू उत्पीड़न और पत्नी के परिवार से विवाद की बात कही है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने संपत्ति विवाद की आशंका जताई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।एक ही परिवार के सात लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।