मुजफ्फरनगर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खालापार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजे की खेप लेकर जा रहे मेरठ के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 25 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। बरामद गांजे की कीमत करीब 3.85 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस टीम शुक्रवार को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेरठ रोड स्थित गरहाबाग की ओर जाने वाले रास्ते पर शारडेन स्कूल के पीछे चार युवक बैग लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने रास्ता बदलकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके बैग से गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई।पकड़े गए आरोपियों की पहचान मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र के सिंधावली गांव निवासी तालिब, अनवर, इरशान और शहजाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने उत्तराखंड निवासी हरीश से गांजा खरीदने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान नशे की मांग बढ़ने पर आरोपी इसे बेचकर अधिक मुनाफा कमाने की फिराक में थे।जांच में अनवर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई करने वाले व्यक्ति और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।