मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रताल में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। मेले में किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।इसी सिलसिले में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने शुक्रताल स्थित मेला कोतवाली में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसपी देहात ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित रखना और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। नदी घाटों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने पुलिसकर्मियों को समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और पूरी मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने को कहा। श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।मेले की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को गंगा स्नान और धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो तथा मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group