बागपत। छपरौली थाना क्षेत्र के गांव बोढ़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने गांव में इलाज करने वाले एक व्यक्ति पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।गांव बोढ़ा निवासी ममता (45) पत्नी परमिंद्र को बुखार था। सोमवार रात करीब नौ बजे वह दवा लेने के लिए गांव में ही एक डॉक्टर के पास गई थीं। परिजनों का आरोप है कि वहां इंजेक्शन लगाए जाने के बाद ममता को उल्टी और चक्कर आने लगे। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई और वह गिर पड़ीं।परिजन उन्हें तुरंत बड़ौत के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद ममता को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में मातम छा गया।परिजनों ने अमरीश नाम के व्यक्ति पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इंजेक्शन लगने के बाद ही ममता की तबीयत बिगड़ी थी। हालांकि, महिला की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।सूचना पर छपरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बागपत भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।छपरौली थाना प्रभारी प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group