सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र की नदीम कॉलोनी में मंगलवार सुबह लकड़ी के कारखाने में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही देर में कारखाने के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे धूलाल मेला चौक के पास स्थित लकड़ी के कारखाने में अचानक आग भड़क उठी। कारखाने में लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। अंबाला रोड और बेहट रोड फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।दमकल कर्मियों ने होज पाइप से पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग लकड़ियों के ढेर के अंदर तक पहुंच गई थी, ऐसे में कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने जलती लकड़ियों को हटाकर अलग किया और लगातार पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझाया।इस घटना में कारखाने में रखी आरा मशीन का सामान, टायर, रेहड़ा, लकड़ी के फट्टे और स्क्रैप पार्ट्स जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। इससे कारखाने में रखा बाकी सामान सुरक्षित बच गया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर मौके पर भेजे गए थे। दमकल कर्मियों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारण और नुकसान का आकलन स्पष्ट नहीं हो सका है।