लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, बरेली मंडल की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण में एसीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।वंदना त्रिपाठी अब तक नोएडा प्राधिकरण में प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। जून 2022 में प्रयागराज से नोएडा आने के बाद उन्हें पहले विशेष कार्याधिकारी बनाया गया था। सितंबर 2023 में पदोन्नति के बाद उन्हें अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी का दायित्व सौंपा गया।वंदना त्रिपाठी वर्ष 2000 बैच की पीसीएस अधिकारी रही हैं। वर्ष 2021 में उन्हें आईएएस संवर्ग में पदोन्नति मिली थी। नोएडा आने से पहले वह प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग में सचिव के पद पर तैनात थीं। अब शासन ने उन्हें सहारनपुर मंडल में नई जिम्मेदारी दी है।उधर, प्रीति जायसवाल को बरेली मंडल से नोएडा प्राधिकरण भेजा गया है। वह अब एसीईओ के रूप में प्राधिकरण का कामकाज संभालेंगी। शासन के इस फैसले से दोनों अधिकारियों की तैनाती में बदलाव हुआ है।प्रदेश सरकार की ओर से किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल में विभिन्न जिलों और विकास प्राधिकरणों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group