शामली। हरियाणा के करनाल में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में शामली जिले के कैराना क्षेत्र के गांव तीतरवाड़ा का आरिफ उर्फ पिस्टल भी शामिल है। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर पांच अवैध पिस्तौल बरामद की हैं। आरिफ के खिलाफ पहले से 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात भी सामने आई है।करनाल के पुलिस अधीक्षक करन गोयल के निर्देश पर एंटी नारकोटिक सेल की अलग-अलग टीमों ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने तीन मामलों में दिल्ली निवासी अनुराग यादव, सोनीपत निवासी नीरज और शामली निवासी आरिफ को गिरफ्तार किया। तीनों के पास से कुल सात अवैध हथियार और चार मैगजीन बरामद की गईं।पुलिस के मुताबिक, आरिफ उर्फ पिस्टल को सेक्टर-32/33 थाने में आठ अप्रैल 2026 को दर्ज आर्म्स एक्ट के मुकदमे की जांच के दौरान प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया था। अदालत से सात दिन का रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर .32 बोर की एक पिस्तौल मैगजीन सहित और .315 बोर की चार पिस्तौल बरामद हुईं। पुलिस ने उसे इस मामले में गिरफ्तार पांचवां आरोपी बताया है। दिल्ली निवासी अनुराग यादव के पास से .32 बोर की एक पिस्तौल और दो मैगजीन मिलीं, जबकि सोनीपत के नीरज से .315 बोर का देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी उप निरीक्षक राजन सिंह के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपियों के महंगे शौक पूरे करने और कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में हथियारों की अवैध सप्लाई से जुड़ने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की खरीद के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। रिमांड पूरा होने के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।