ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से स्कूली बच्चों को लेकर उत्तराखंड घूमने गई बस शनिवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। मुनिकीरेती क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास पहाड़ी रास्ते पर अचानक ब्रेक फेल होने से बस अनियंत्रित हो गई। बस सड़क किनारे बनी दीवार से टकराने के बाद हवा में लटक गई। हादसे के समय बस में 27 बच्चों समेत 30 लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बच गए, जबकि चालक, हेल्पर और स्कूल की प्रिंसिपल घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के पंडित तिलक भानु सोमवीर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे शिक्षकों के साथ 14 नवंबर को पिकनिक मनाने ऋषिकेश पहुंचे थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे उनकी बस मुनिकीरेती क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी तिराहे से गुजर रही थी। इसी दौरान बस के ब्रेक फेल हो गए। पहाड़ी ढलान पर चालक जयप्रकाश ने वाहन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन बस सड़क किनारे बनी दीवार से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा हवा में लटक गया।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मुनिकीरेती थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और स्कूल की प्रिंसिपल जमुना सरस्वत घायल हो गए। तीनों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया।पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था मधुबन आश्रम में कराई। पुलिसकर्मियों ने शिक्षकों के साथ मिलकर बच्चों की देखभाल की, जिससे हादसे के बाद डरे हुए बच्चों को राहत मिली।इस घटना के बाद बस की ओवरलोडिंग का मामला भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले एआरटीओ ऋषिमणि ने जांच के दौरान बस में क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर चालान किया था। उस समय बस में 21 अतिरिक्त सवारियां पाई गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group