बागपत। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। गांगनौली कट के पास पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब चार बजे दोघट थाना क्षेत्र में हुआ। डीसीएम का टायर पंचर होने के कारण चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। इसी दौरान तेज गति से आ रही बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर पीछे से डीसीएम में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में डीसीएम चालक दिनेश राघव (52) निवासी हरि नगर एक्सटेंशन, बदरपुर, दक्षिण दिल्ली की मौत हो गई। वहीं, बोलेरो पिकअप में सवार यादराम (60) पुत्र झामरमल निवासी गणेश नगर द्वितीय, मुरलीपुरा, जयपुर ने भी दम तोड़ दिया। यादराम बोलेरो चालक विकास के पिता बताए गए हैं।दुर्घटना की सूचना पर दोघट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। साथ ही मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई।थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।