सहारनपुर। पुलिस विभाग के सरकारी वाहन से वायरलेस सेट और माइक गायब होने का मामला सामने आने से विभाग में हलचल मच गई है। वर्ष 2023 में वाहन में लगाए गए संचार उपकरण मई 2026 में हुए भौतिक सत्यापन के दौरान नहीं मिले। मामले में थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कराया गया है।जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग के वाहन संख्या UP14AG0509 में 25 अप्रैल 2023 को केनवुड कंपनी का वायरलेस सेट लगाया गया था। इसके साथ माइक, बैटरी लीड, फीडर केबल और एंटीना भी उपलब्ध कराया गया था। उस समय सभी उपकरण वाहन में लगवाए गए थे।बताया गया कि 7 मई 2026 को रेडियो वर्कशॉप की टीम ने वाहन का भौतिक सत्यापन किया तो वायरलेस सेट और माइक गायब मिले। जांच के दौरान केवल एंटीना, तीन मीटर फीडर केबल और बैटरी लीड ही उपलब्ध पाए गए। संबंधित वाहन वर्तमान में एएचटीयू में तैनात बताया गया है।उपकरण गायब मिलने के बाद रेडियो वर्कशॉप की ओर से परिवहन शाखा को 10 मई, 22 मई और 4 नवंबर को पत्र भेजकर जानकारी मांगी गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद 5 नवंबर को पुलिस लाइन की जीडी में वायरलेस सेट की गुमशुदगी दर्ज कराई गई।रेडियो निरीक्षक नरेश कुमार सिंह की ओर से थाना सदर बाजार में प्रार्थना पत्र दिया गया। इसके बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सरकारी वाहन से उपकरण कब और किन परिस्थितियों में गायब हुए। साथ ही इसकी जिम्मेदारी किसकी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।