मुजफ्फरनगर। खतौली में अलकनंदा नहर के पुल पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ नहर में कूदने पहुंच गई। गश्त कर रही पुलिस टीम की नजर महिला पर पड़ गई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बचा लिया।बताया गया कि मेरठ जिले के फलावदा निवासी मुस्कान (30) घरेलू परेशानियों से तनाव में थी। सोमवार को वह अपनी मासूम बेटी को लेकर खतौली स्थित अलकनंदा नहर पर पहुंची। महिला के इरादों को भांपते हुए वहां मौजूद एंटी रोमियो टीम ने तत्काल हस्तक्षेप किया और उसे नहर में कूदने से रोक लिया।पुलिस महिला और बच्ची को थाने लेकर पहुंची। वहां मिशन शक्ति केंद्र पर महिला हेड कांस्टेबल रजनी की निगरानी में उसकी काउंसलिंग कराई गई। पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाया और उसकी परेशानी जानने का प्रयास किया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।सूचना मिलने पर महिला के परिजन खतौली थाने पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने महिला और उसकी बेटी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक खुशबू कुमारी, हेड कांस्टेबल रजनी, कांस्टेबल कोमल और जैनब जहां शामिल रहीं। पुलिस की समय पर पहुंची टीम ने मां-बेटी को सुरक्षित बचाकर सराहनीय कार्य किया।