लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। पिछले सात महीनों में प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में करीब 18 लाख 84 हजार की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब सूची में शामिल नामों की जांच के साथ गलतियों और दोहरी प्रविष्टियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।17 नवंबर 2026 को जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है। जबकि 10 अप्रैल 2026 को यह संख्या 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 थी। नई सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता दर्ज हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 4,042 है।निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें सूची की जानकारी दी जाएगी। दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने का भी आग्रह किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची की जांच में सहयोग मिल सके।प्रदेश के करीब एक लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी 20 नवंबर तक मतदाता सूची की जांच करेंगे। इस दौरान नाम, पते, फोटो और अन्य विवरण में गड़बड़ियों के साथ एक ही मतदाता के नाम की दोहरी प्रविष्टियों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार सुधार की कार्रवाई होगी।चुनाव आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया है। इसके बाद 28 दिसंबर तक दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने का कार्यक्रम तय किया गया है।निर्वाचन आयोग की इस पूरी कवायद का उद्देश्य विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और अपात्र या दोहराव वाले नामों की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group