मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र में गंगनहर पटरी पर चिटौड़ा झाल के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर परिजन उन्हें मेरठ के निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।सिखेड़ा निवासी इशरार और इजहार 11 नवंबर को कैली गांव से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब 11:30 बजे चिटौड़ा झाल से आगे गंगनहर पटरी के मोड़ पर सामने से आ रही महिंद्रा पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को पहले जानसठ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने बेहतर उपचार के लिए दोनों को मेरठ के न्यू मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें इशरार की हालत चिंताजनक बनी हुई है।घायल युवकों के पिता करमू ने 13 नवंबर को सिखेड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पिकअप का नंबर यूपी 12 सीटी 7899 बताते हुए चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।