मुजफ्फरनगर। जिले की दिव्यांग छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है। इसके तहत 16 वर्ष या उससे अधिक उम्र की पात्र दिव्यांग छात्राओं को पढ़ाई और प्रशिक्षण के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-ट्राईसाइकिल दी जाएगी। योजना में एक ई-ट्राईसाइकिल के लिए अधिकतम 65 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय ने बताया कि योजना का लाभ ऐसी छात्राओं को मिलेगा, जो किसी स्कूल, कॉलेज या अन्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रही हैं और शारीरिक परेशानी के कारण नियमित कक्षाओं, पुस्तकालय, प्रयोगशाला तथा छात्रावास तक आने-जाने में कठिनाई महसूस करती हैं।योजना के लिए मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी और हीमोफीलिया जैसी दिव्यांगता से प्रभावित छात्राएं पात्र होंगी। आवेदक की दृष्टि और मानसिक स्थिति अच्छी होने के साथ कमर का ऊपरी हिस्सा स्वस्थ होना चाहिए, ताकि वह स्वयं ई-ट्राईसाइकिल चलाने में सक्षम हो। दिव्यांगता का प्रमाण मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से जारी दिव्यांग प्रमाण-पत्र या यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से होना जरूरी है।योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा, जिनके परिवार आयकरदाता की श्रेणी में नहीं आते। गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में किसी भी स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त नहीं करने वाली छात्राएं ही आवेदन कर सकेंगी। संबंधित शिक्षण या प्रशिक्षण संस्थान से अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र देना भी अनिवार्य होगा।इच्छुक छात्राएं जनसेवा केंद्र के माध्यम से विभागीय वेबसाइट http://hwd.uphq.in पर जाकर ई-ट्राईसाइकिल विकल्प चुनकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। योजना की जानकारी और अन्य सहायता के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर में संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group