शामली। बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में बुधवार देर रात गैस सिलेंडर में हुए विस्फोट से एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में घर में सो रही मां और उसकी दो बेटियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि पति और दो बेटे दूसरे कमरे में होने के कारण सुरक्षित बच गए। धमाका इतना तेज था कि कमरे की छत तक ढह गई। हादसे के बाद गांव में शोक छा गया।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी साजिद अपनी पत्नी शाहिदा (32) और चार बच्चों के साथ रहते थे। बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान रसोई में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और रसोई में रखा गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट से मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और आग आसपास के कमरों तक फैल गई।हादसे के समय शाहिदा अपनी दोनों बेटियों अदन (13) और माहिरा (11) के साथ एक कमरे में सो रही थीं। आग और धुएं के बीच उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। वहीं, दूसरे कमरे में सो रहे साजिद और उनके दोनों बेटे रेहान व अशरफ सुरक्षित बच गए। धमाके और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी पहुंची। आग की लपटों और मकान में फैले मलबे के कारण बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मलबे से शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों के शव बरामद किए गए। तीनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।बताया गया कि शाहिदा घर पर माला बनाने का काम करती थीं। इस काम से करीब 200 महिलाएं भी जुड़ी हुई थीं। हादसे में माला बनाने के लिए रखा दो से तीन लाख रुपये कीमत का सामान भी जलकर राख हो गया।परिवार में इन दिनों शादी समारोह में शामिल होने की तैयारी चल रही थी। मंगलवार को ही शाहिदा और उनकी बेटियों ने हाथों में मेहंदी लगाई थी। बुधवार रात हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। जिस घर में शादी में जाने की तैयारी हो रही थी, वहां अब तीन मौतों के बाद चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group