मुजफ्फरनगर। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 256 लोगों के लिए पुलिस की कार्रवाई राहत लेकर आई। जिले की सर्विलांस टीम ने विशेष अभियान चलाकर तीन महीने के भीतर 256 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई गई है।गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर प्रांगण में आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बरामदगी की जानकारी दी। इसके बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपना फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।मोबाइल फोन तलाशने के लिए पुलिस ने भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल के साथ आधुनिक तकनीक और सर्विलांस का सहारा लिया। मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर उनकी लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखी गई। अलग-अलग स्थानों से मिली तकनीकी जानकारियों को जोड़कर पुलिस ने गुम हुए फोन तलाशे।एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण और सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास किए। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के मार्गदर्शन में भी अभियान को गति दी गई।मोबाइल बरामद करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल विकास सिरोही, कालूराम, राहुल सिरोही, नितिन कुमार, अंकित शर्मा और कांस्टेबल ललित पायल शामिल रहे। एसएसपी ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group