मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच मतदाताओं को मतदान की तकनीकी प्रक्रिया से रूबरू कराने की पहल शुरू हो गई है। जिले में ईवीएम और वीवीपैट को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने मशीनों के प्रदर्शन और प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की।अभियान के तहत जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए संबंधित तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। खास बात यह है कि जागरूकता कार्यक्रम में पहुंचने वाले नागरिक खुद मशीन पर बटन दबाकर मतदान का अभ्यास कर सकेंगे। इसके बाद वीवीपैट में कुछ समय के लिए दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से यह देख पाएंगे कि चुने गए प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न किस तरह प्रदर्शित होता है।प्रशासन का मकसद मतदान प्रक्रिया को लेकर लोगों के सवालों और भ्रम को दूर करना है। प्रशिक्षण के दौरान मशीनों के संचालन की जानकारी देने के साथ मतदान की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों के मतदाताओं को भी सीधे तौर पर लाभ पहुंचाने की योजना है।जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि मतदान लोकतंत्र में नागरिकों का महत्वपूर्ण अधिकार है। प्रत्येक मतदाता को इसकी प्रक्रिया की सही जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अभियान में शामिल होकर ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझने की अपील की।शुभारंभ कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह, जिला चकबंदी अधिकारी देवेंद्र सिंह रायपा, उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट श्रीकृष्णकांत सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।