बक्सर/गाजीपुर। बिहार के बक्सर जिले में तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़ंत ने सात परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। राजपुर थाना क्षेत्र में हुए इस भीषण हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतकों में चार कार सवार और तीन बाइक सवार शामिल हैं। कार में सवार युवक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से बारात में शामिल होने जा रहे थे।प्रत्यक्षदर्शी राजीव सिंह के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। शुक्रवार रात कार सवार युवक बिहार में आयोजित एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-319ए पर सोनपा गांव के पास सामने से नहीं, बल्कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर हवा में उछली और सड़क पर कई बार पलटते हुए करीब 10 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे को पार कर पेड़ से जा टकराई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया।हादसे में कार सवार गाजीपुर के भटौरा गांव निवासी बादल कुमार (30), इकरान अंसारी (25), अरवाज अली (20) और दिव्यांशु ठाकुर (22) की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार गाजीपुर के उतरौली गांव निवासी अरुण कुमार (22) तथा बक्सर निवासी शुभम कुमार (21) और शिवम कुमार (18) ने भी दम तोड़ दिया। चार अन्य लोग घायल हुए हैं।मृतकों में शामिल अरुण कुमार सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों में छोटा था। एक दिन पहले ही वह अपने मामा के यहां घूमने आया था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद कार में चीख-पुकार मच गई थी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों और मृतकों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे के बाद दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर है।