मुजफ्फरनगर। पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए ‘एफआईआर आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की है। इस पहल के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद शिकायतकर्ता को एफआईआर की प्रति लेने के लिए थाने नहीं जाना पड़ेगा। पुलिसकर्मी स्वयं उसके घर पहुंचकर दस्तावेज उपलब्ध कराएंगे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस ने पहल करते हुए एक वादी के घर पहुंचकर उसे दर्ज मुकदमे की एफआईआर की प्रति सौंपी। पुलिस की इस कार्यशैली से शिकायतकर्ता को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली।इस व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाना है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इससे सुविधा मिलेगी। पुलिस की इस पहल से थाने और आमजन के बीच दूरी कम करने के साथ ही विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक जनहितकारी बनाने में मदद मिलेगी।