मुजफ्फरनगर। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल करना और फिर उन्हीं के नाम पर सिम कार्ड जारी कराकर साइबर अपराधियों को OTP उपलब्ध कराना। मुजफ्फरनगर पुलिस ने ऐसे ही एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं।एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क डिजिटल अरेस्ट के अलावा ऑनलाइन शॉपिंग, गेमिंग, गैस एजेंसी और इंस्टेंट डिलीवरी से जुड़े मामलों में भी OTP का इस्तेमाल कर ठगी करने वालों को मदद पहुंचा रहा था। आरोपित कथित तौर पर दूसरे लोगों के दस्तावेजों पर सिम जारी कराते थे और उन पर आने वाले OTP साइबर अपराधियों को बेचते थे।पुलिस के मुताबिक, गिरोह का एक सदस्य NGO चलाता है। वह गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा देकर उनसे फॉर्म भरवाता था। इसी दौरान उनके आधार कार्ड और दूसरे जरूरी दस्तावेज ले लिए जाते थे। बाद में इन दस्तावेजों का इस्तेमाल सिम कार्ड जारी कराने में किया जाता था। इन सिम पर आने वाले OTP का उपयोग अलग-अलग साइबर अपराधों में किया जाता था।इस नेटवर्क का खुलासा एक डिजिटल अरेस्ट की शिकायत की जांच के दौरान हुआ। 15 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि उसे फोन कर आतंकवादियों के पास उसका सिम मिलने की बात कहकर डराया गया और डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर 20 लाख 94 हजार 900 रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई तो सिम कार्ड और OTP की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का पता चला।जांच के दौरान पुलिस ने 49 IMEI नंबरों और 8,223 सिम कार्डों का डेटा खंगाला। इनमें 3,648 यूनिक सिम कार्ड सामने आए। पुलिस ने अंकुश सैनी निवासी मुकीमपुरा, मंडी धनौरा, अक्षय कुमार अग्रवाल निवासी जयओम नगर और अब्दुल मलिक निवासी नियारियान नगर, जिला अमरोहा को गिरफ्तार किया है। इनके दो साथी अभी फरार हैं, जिनमें अंकुश का मौसेरा भाई भी शामिल बताया गया है।जांच में एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और बीएसएनएल के POS एजेंटों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि कुछ एजेंटों के माध्यम से KYC प्रक्रिया का दुरुपयोग कर सिम कार्ड जारी कराए जाने की जानकारी मिली है। इस पहलू पर भी जांच की जा रही है।मामले में साइबर क्राइम थाना मुजफ्फरनगर में मुकदमा संख्या 38/2026 के तहत BNS और आईटी एक्ट की धारा 66C व 66D में कार्रवाई की गई है। नेटवर्क का पर्दाफाश करने वाली साइबर क्राइम टीम को एसएसपी ने 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। प्रेसवार्ता में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ और साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group