सहारनपुर। शहर के पोस्ट ऑफिस तिराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे होमगार्ड के साथ मारपीट और अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के दौरान पुल पर हुए विवाद ने देखते ही देखते हंगामे का रूप ले लिया था, जिससे सड़क पर जाम लग गया।मामला 18 नवंबर की रात का है। होमगार्ड कुलदीप सिंह की ड्यूटी पोस्ट ऑफिस तिराहे पर लगी थी। रात करीब आठ बजे पुल पर कुछ लोगों के बीच मारपीट और पथराव होने लगा। हंगामे के कारण यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर होमगार्ड अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया।आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने एकजुट होकर होमगार्ड के साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। होमगार्ड ने सदर बाजार थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। गुरुवार देर शाम करीब आठ बजे रेलवे स्टेशन की ओर से सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में जावेद, सलमा, शेख, शहनाज, शानू, समीर और अमित कालरा शामिल हैं। इनमें पांच आरोपित जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और दो सहारनपुर के निवासी बताए गए हैं।पुलिस का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।