पर्ची बनवाने के बहाने सेल्समैन को भेजा कार्यालय, पुलिस ने कार और सात खाली कैन समेत नकदी की बरामद
बिजनौर। पेट्रोल पंप पर हजारों रुपये का डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने वाले कार सवार को हल्दौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए पर्ची बनवाने का बहाना बनाया और इसी दौरान डीजल से भरी गाड़ी लेकर निकल गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाटा सफारी कार, सात खाली कैन, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया है।मामला 24 अक्टूबर का है। गांव शामपुर निवासी चंद्रमोहन ने हल्दौर थाने में शिकायत देकर बताया था कि एक व्यक्ति काली टाटा सफारी लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। उसने कार में 750 लीटर डीजल भरवाया, जिसकी कीमत करीब 71,400 रुपये बताई गई। इसके बाद उसने सेल्समैन शहजाद आलम से पर्ची बनाने के लिए कहा और उसे कार्यालय भेज दिया। सेल्समैन के हटते ही आरोपी फोन पर बात करने का बहाना बनाकर कार समेत मौके से फरार हो गया।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसकी पहचान सहारनपुर निवासी जंजीर अली अंसारी पुत्र वाहिद अली अंसारी के रूप में हुई। हल्दौर पुलिस ने मंगलवार शाम उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई टाटा सफारी कार संख्या UP14BK0363, सात नीले रंग के खाली प्लास्टिक कैन, 8,850 रुपये नकद और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।सीओ सिटी अभय पांडे ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।