मुजफ्फरनगर।अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू करने का फैसला एक महिला के लिए परेशानी का कारण बन गया है। चार बच्चों की मां ने छह बच्चों के पिता से निकाह किया तो परिवार के कुछ लोग इस रिश्ते से नाराज हो गए। महिला का आरोप है कि अब उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। परेशान दंपती ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।जानसठ क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला का पहला निकाह तहसीन से हुआ था। इस रिश्ते से उसके चार बच्चे हैं। बाद में दोनों के बीच तलाक हो गया। इसके बाद महिला ने अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू करने का फैसला किया।महिला के अनुसार, उसने 30 अक्टूबर 2026 को गांव मस्सा बिलासपुर निवासी राहिल से निकाह कर लिया। राहिल के भी पहले से छह बच्चे हैं। वर्तमान में महिला कोतवाली नगर क्षेत्र के मिमलाना रोड पर रह रही है।महिला का आरोप है कि दूसरे निकाह की जानकारी होने पर उसके पूर्व ससुराल और मायके पक्ष के कुछ रिश्तेदार नाराज हो गए। ये लोग उसके नए रिश्ते को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और उसे व उसके पति को लगातार परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि दोनों को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।लगातार मिल रही धमकियों से परेशान महिला ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी और पति की सुरक्षा की मांग की है। उसने आशंका जताई है कि नाराज रिश्तेदार उनके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं।महिला ने एसएसपी से थाना नई मंडी पुलिस को मामले की जांच करने और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है। उसका कहना है कि वह अपने पति के साथ बिना किसी डर के जीवन बिताना चाहती है।