मुजफ्फरनगर। अलनूर मीट प्लांट को बंद कराने की मांग को लेकर वर्ष 2006 में हुए धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम के मामले में अदालती कार्रवाई अब आगे बढ़ गई है। मंगलवार को पूर्व विधायक उमेश मलिक समेत 12 आरोपित एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए। अदालत में सभी के बयान दर्ज किए गए। अब इस मामले में अगली सुनवाई के लिए दो दिसंबर की तारीख निर्धारित की गई है।यह मामला 14 अगस्त 2006 का है। उस समय जानसठ रोड स्थित अलनूर मीट प्लांट को बंद कराने की मांग को लेकर विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने प्लांट परिसर और सिखेड़ा थाने के बाहर धरना दिया था। इस दौरान सड़क पर जाम भी लगाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने पूर्व विधायक उमेश मलिक समेत 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।बचाव पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता श्यामवीर सिंह के अनुसार, मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में न्यायाधीश देवेंद्र फौजदार की अदालत में चल रही है। मंगलवार को पूर्व विधायक उमेश मलिक सहित 12 आरोपी अदालत पहुंचे, जहां उनके बयान दर्ज किए गए। अब मुकदमे में बहस की प्रक्रिया होगी।इस प्रकरण में शिवसेना नेता ललित मोहन शर्मा, रामानुज दुबे, राजीव मित्तल, ओमकार सिंह, राजेश्वर आर्य और अरविंद समेत कई अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं। कुल 16 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिनमें से चार आरोपितों की मृत्यु हो चुकी है।इसी अलनूर मीट प्लांट प्रकरण से जुड़ा तोड़फोड़ और हंगामे का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज हुआ था। बचाव पक्ष के मुताबिक, उस मामले में सभी आरोपित अदालत से बरी हो चुके हैं। हालांकि धरना और सड़क जाम से संबंधित मौजूदा मुकदमे की सुनवाई अभी जारी है। अब दो दिसंबर को होने वाली बहस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group