सहारनपुर। दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। रामपुर मनिहारान क्षेत्र में एक विवाहिता को कथित तौर पर जबरन तेजाब पिलाने का आरोप उसके मायके पक्ष ने लगाया है। महिला के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है।बेहट थाना क्षेत्र के चौहड़पुर गांव निवासी इंतजार ने अपनी बहन सविया की शादी करीब आठ साल पहले रामपुर मनिहारान निवासी आमिर के साथ की थी। दंपती के दो बच्चे हैं। भाई का आरोप है कि शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। वे लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए सविया को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि उसके साथ मारपीट भी की जाती थी और बच्चों के साथ भी दुर्व्यवहार होता था।परिजनों ने देवर आलिम पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, देवर विवाहिता पर गलत नजर रखता था और उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। महिला ने जब इसकी शिकायत ससुराल पक्ष के लोगों से की तो उसे न्याय दिलाने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उसे और उसके बच्चों को धमकियां भी दी गईं।लगातार विवाद के चलते गांव में पंचायत हुई थी। इसमें ससुराल पक्ष के लोगों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी। इसके बाद सविया को दोबारा ससुराल भेज दिया गया, लेकिन मायके पक्ष का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद भी उसके साथ व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।शिकायत के अनुसार, 31 अक्टूबर को दहेज को लेकर फिर विवाद हुआ। इसी दौरान सास और देवर की ओर से सविया को जबरन तेजाब पिलाने का आरोप है। उसकी हालत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसे जगदंबा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। दो नवंबर को होश आने पर महिला ने मायके पक्ष को पूरी घटना बताई।पीड़िता के भाई ने 12 नवंबर को महिला थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद 25 नवंबर को पुलिस ने पति, सास और देवर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले में दहेज उत्पीड़न, महिला के साथ क्रूरता और धमकी देने के आरोप शामिल हैं। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group