मुजफ्फरनगर। संविधान दिवस पर जिले में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को याद किया गया। खतौली ब्लॉक के ग्राम सरायरसूलपुर में बाबा साहब के प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्रामीणों को संविधान के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद उपस्थित ग्रामीणों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया गया और देश की एकता, अखंडता तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई गई। प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार के लिए भूमि पूजन भी किया गया। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में करीब 350 ग्रामीण शामिल हुए।जिलाधिकारी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का योगदान देश के लोकतांत्रिक ढांचे की मजबूत नींव है। संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को उसके कर्तव्यों का बोध कराने वाला मार्गदर्शक भी है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि अजीत राठी, ब्लॉक प्रमुख संजो गौतम, एसडीएम ललित कुमार शर्मा और ग्राम प्रधान तय्यब अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन खंड विकास अधिकारी ज्योति चावला ने किया।संविधान दिवस पर जिला पंचायत सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह और अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया और सभी को मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई।इस अवसर पर कहा गया कि सरकारी सेवाओं में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति को संवैधानिक मर्यादाओं का ध्यान रखते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। कानून का सम्मान और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा प्रशासनिक व्यवस्था की अहम जिम्मेदारी है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group