मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और त्रुटियों को दुरुस्त कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। आगामी 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी निर्धारित बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेंगे।इस संबंध में गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार के निर्देश पर आयोजित बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान की तिथियां तय की गई हैं। इन दिनों बीएलओ बूथों पर बैठकर ऐसे नागरिकों से आवेदन लेंगे, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या किसी कारणवश सूची से हट गया है।उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि अभियान के दोनों दिनों में अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि बीएलओ निर्धारित समय पर बूथों पर मौजूद रहें और पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त करने में किसी तरह की लापरवाही न हो। निरीक्षण के बाद सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र की रिपोर्ट संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को उपलब्ध कराएंगे।बैठक में उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group