मुजफ्फरनगर । संविधान दिवस पर जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संविधान के प्रति अपनी आस्था और जिम्मेदारी का संकल्प लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत जिले के 391 विद्यालयों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 1,51,763 विद्यार्थियों ने संविधान की उद्देशिका का पाठ कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।मुख्य आयोजन डीएवी इंटर कॉलेज में हुआ, जहां ‘संविधान पर संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता से परिचित कराया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजीव कमल पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार बौद्ध ने न्यायिक अधिकारियों और अन्य अतिथियों की मौजूदगी में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया।कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार देने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब नागरिक समानता, स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांतों का सम्मान करें। उन्होंने विद्यार्थियों से इन मूल्यों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार में शामिल करने की अपील की।आयोजन में जनपद न्यायाधीश राजीव कमल पाण्डेय, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय रजनीश कुमार, अपर जिला जज डॉ. विजय कुमार, रेखा सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, काशिफ शेख, गहेशानंद झा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवकुमारी सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवजी यादव, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।जिले के सभी 391 विद्यालयों में एक साथ हुए आयोजन में 1.51 लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी ने संविधान दिवस को विशेष बना दिया। अभियान के जरिए बच्चों और युवाओं को संविधान की भावना समझाने तथा उन्हें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group