मुजफ्फरनगर। कृषि यंत्रों पर अनुदान देने के लिए किसानों के चयन की प्रक्रिया ई-लॉटरी के माध्यम से पूरी की गई। विकास भवन सभागार में आयोजित ई-लॉटरी में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले किसानों का चयन किया गया।कृषि विभाग के अनुसार रोटावेटर, हैरो, लेजर लैंड लेवलर, सुपर सीडर, किसान ड्रोन, मल्वर, एमबी प्लाऊ, कल्टीवेटर, रीपर कंबाइंडर, कंबाइन हार्वेस्टर विद सुपर एस और कस्टम हायरिंग सेंटर समेत कई कृषि यंत्रों के लिए किसानों ने अनुदान के लिए आवेदन किया था। चयनित किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर चयन की सूचना भेज दी गई है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयनित किसानों को मोबाइल संदेश में दी गई निर्धारित अवधि के भीतर जरूरी बिल अपलोड करना होगा। तय समय सीमा में बिल अपलोड नहीं करने पर संबंधित किसान का चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा।ई-लॉटरी की प्रक्रिया मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देवभूषण की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी के प्रतिनिधि, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक तथा कृषि विज्ञान केंद्र बघरा के प्रभारी अधिकारी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिले के किसानों ने भी चयन प्रक्रिया में भाग लिया।कृषि विभाग ने चयनित किसानों से निर्धारित समय में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने को कहा है। किसी भी समस्या की स्थिति में किसान उप कृषि निदेशक, मुजफ्फरनगर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group