मुजफ्फरनगर। बहूपुरा गांव की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने, मारपीट करने तथा घर से निकालने का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि ससुराल वाले उससे पांच लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बहूपुरा निवासी शिवानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी गांव आखलौर निवासी अनुज पुत्र मांगेराम के साथ हुई थी। विवाहिता के अनुसार, शादी में मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार करीब 14 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने कम दहेज लाने का ताना देना शुरू कर दिया और अतिरिक्त दहेज के रूप में पांच लाख रुपये नकद तथा बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी।शिवानी ने आरोप लगाया कि मांग पूरी न होने पर पति अनुज, ससुर मांगेराम, सास अनिता और जेठ मोनू उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने के साथ ही भूखा-प्यासा रखने का भी आरोप लगाया गया है।विवाहिता के अनुसार, विवाद बढ़ने पर गांव के जिम्मेदार लोगों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत कर समझौता कराया गया था। समझौते के बाद कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन बाद में फिर से दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू हो गया।शिवानी का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई और उसे केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह मायके पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार की ओर से दोबारा ससुराल पक्ष से बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद उसे वापस ससुराल ले जाया गया।विवाहिता ने बताया कि ससुराल में रहने के दौरान उसने एक बच्ची को जन्म दिया। मायके वालों ने बच्ची के जन्म पर छूछक की रस्म में करीब दो लाख रुपये का सामान और जेवर दिए। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और बेटी पैदा होने को लेकर भी उसे ताने दिए गए।शिवानी का कहना है कि इसके बाद उसके साथ फिर मारपीट की गई और उसे बच्ची समेत घर से निकाल दिया गया। वह अपनी दूधमुंही बच्ची को लेकर मायके पहुंची। परिजनों ने ससुराल पक्ष से बातचीत कर विवाद समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दहेज की मांग जारी रही।लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर विवाहिता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति अनुज, ससुर मांगेराम, सास अनिता और जेठ मोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।