मुजफ्फरनगर। कस्बे के मोहल्ला दक्षिणी भटवाड़ा में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही बाइक की टक्कर से नौ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर की हड्डी टूट गई। उपचार के दौरान बच्चे का ऑपरेशन कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मोहल्ला दक्षिणी भटवाड़ा निवासी गुलिस्ता पत्नी साजिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका नौ वर्षीय बेटा शैफुल्ला 23 अगस्त की सुबह करीब 11:40 बजे घर के पास स्थित परचून की दुकान से सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान भारद्वाज अस्पताल के पास काले रंग की स्प्लेंडर बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बाइक की गति तेज होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।टक्कर लगने से शैफुल्ला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी वाजिद डगवाले ने परिवार को हादसे की जानकारी दी।परिजन घायल बच्चे को उपचार के लिए बुढ़ाना सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद बच्चे को शामली स्थित बोहरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके पैर का ऑपरेशन किया। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के बाद भी बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।बच्चे की मां गुलिस्ता ने इलाज में व्यस्त होने के कारण दो दिन बाद पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने बाइक नंबर UP-12-CB-5622 के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वाहन के मालिक और चालक की पहचान करने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।