सहारनपुर। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक अस्पताल पहुंचने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान सांसद ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।सांसद ने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। कई मरीजों ने अपनी समस्याएं भी उनके सामने रखीं।निरीक्षण के बाद इमरान मसूद ने कहा कि जिला अस्पताल में कई व्यवस्थाओं में सुधार दिखाई दे रहा है, लेकिन कुछ कमियां अभी भी दूर किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अस्पताल पर दबाव है और दवा वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने की जरूरत है।सांसद ने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को भी गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि हृदय रोग विशेषज्ञ और कैंसर रोग विशेषज्ञ की उपलब्धता न होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती से लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।उन्होंने कहा कि अस्पताल से जुड़ी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और आवश्यक सुधार के लिए प्रयास किए जाएंगे। साथ ही जो व्यवस्थाएं अच्छी तरह संचालित हो रही हैं, उनकी सराहना भी की जानी चाहिए।निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। सांसद ने स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव देने की बात कही।