मेरठ। कंकरखेड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने खड़ौली बाईपास के पास जांच के दौरान एक कैंटर को रोककर तलाशी ली। वाहन से 390 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में शराब की खेप चंडीगढ़ से बिहार भेजे जाने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार शनिवार को कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक कैंटर में शराब की बड़ी खेप लेकर तस्कर मेरठ की ओर से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहटा फ्लाईओवर के निकट खड़ौली बाईपास पर घेराबंदी कर कैंटर को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग पेटियों में विदेशी शराब भरी मिली।पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी पहचान पंजाब के फिरोजपुर जिले के गुरूहरसहाय थाना क्षेत्र के गांव चक मेघा विरान निवासी जोगिंदर सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह कैंटर को भाड़े पर चलाता है। उसके मुताबिक चंडीगढ़ से शराब की खेप बिहार के गया तक पहुंचाने के लिए उसे 80 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।चालक के अनुसार इंटरनेट कॉलिंग के माध्यम से उससे संपर्क किया गया था। इसके बाद उसे चंडीगढ़ से करीब 40 किलोमीटर दूर एक स्थान से शराब से लदा कैंटर उपलब्ध कराया गया। उसे बताया गया था कि गया पहुंचने के बाद शराब लेने वाले व्यक्ति से संपर्क कराया जाएगा। इसके बाद खेप को संबंधित व्यक्ति तक पहुंचाना था।पुलिस जांच में बरामद शराब चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अनुमन्य बताई गई है। ऐसे में दूसरे राज्य में इसकी अवैध तरीके से ढुलाई किए जाने को लेकर पुलिस और आबकारी विभाग ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से जुटाई गई, इसके पीछे कौन लोग हैं और बिहार में इसे किसे सौंपा जाना था।पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ और जांच के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। बरामद शराब और कैंटर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।