नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र स्थित सूर्या ग्लोबल फ्लेक्सी फिल्म कंपनी में एक मजदूर के साथ की गई खतरनाक हरकत से सनसनी फैल गई। आरोप है कि फैक्ट्री में काम करने वाले दो कर्मचारियों ने साथी मजदूर के प्राइवेट पार्ट में एयर कंप्रेसर का पाइप डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार कंपनी के प्लांट हेड धर्मेंद्र सेंगर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि फैक्ट्री में संविदा पर कार्यरत समीर सफाई का काम कर रहा था। इसी दौरान वहां काम करने वाले दिलशाद और जीशान ने उसके साथ यह खतरनाक हरकत कर दी।बताया गया है कि एयर कंप्रेसर के तेज दबाव के कारण युवक के शरीर के अंदर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथी कर्मचारियों ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।थाना प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चिकित्सकीय रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।