मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार भोपा थाना क्षेत्र के गांव कछोली निवासी 32 वर्षीय ओम पुंडीर पुत्र प्रवीण पुंडीर किसी कार्य से मुजफ्फरनगर शहर आए थे। देर शाम वह मोटरसाइकिल से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोककर गोली मार दी। गोली लगते ही ओम पुंडीर सड़क किनारे गिर पड़े, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।घटना के बाद राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने घायल को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया।गोलीकांड की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल बृजेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से मिले खोखे और अन्य सुराग अपने कब्जे में लिए हैं।अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। घायल युवक के बयान मिलने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और परिजन भी हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group