मुजफ्फरनगर, 19 जून 26। रामराज थाना क्षेत्र में गंगा पुल से नदी में कूदे एक वृद्ध की जान पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और बहादुरी से बच गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है, वहीं परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है।जानकारी के अनुसार थाना रामराज क्षेत्र के बैराज स्थित गंगा पुल से ग्राम गंगदाशपुर निवासी करीब 60 वर्षीय रणवीर, पुत्र भौलर सिंह, मानसिक तनाव के चलते अचानक गंगा नदी में कूद गए। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही बैराज चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी कपिल कुमार और राजकुमार बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए तुरंत गंगा नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद वृद्ध को सकुशल बाहर निकाल लिया।वृद्ध को बाहर निकालने के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया। बाद में रणवीर को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिसकर्मियों के साहस, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर प्रशंसा की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था।