मेरठ। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने वाले एक युवक को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान विशाल धानक के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने बागपत अड्डा क्षेत्र में दबिश देकर पकड़ा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इलाके में लंबे समय से बने तनाव और डर के माहौल में राहत देखने को मिली है।पुलिस के अनुसार आरोपी ने इलाके में अपना रौब जमाने और दबंग छवि बनाने के उद्देश्य से खुलेआम पिस्टल लहराते हुए वीडियो बनाया था। बाद में उसने यह वीडियो सामाजिक माध्यम पर प्रसारित कर दिया। वीडियो तेजी से फैलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई और लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।मामला उस समय और गंभीर हो गया जब पड़ोस में रहने वाली एक महिला अधिवक्ता ने आरोपी की इस हरकत का विरोध किया। आरोप है कि विरोध से बौखलाए आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर महिला अधिवक्ता के घर पर पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भय का माहौल बन गया।पीड़िता की शिकायत पर ब्रह्मपुरी थाने में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।पूछताछ के दौरान पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर समाज में भय फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group