मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के गांव बसेड़ा में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। घटना के करीब दस दिन बाद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।गांव बसेड़ा निवासी शक्ति सिंह 12 जून को अपने परिवार के साथ मंसूरपुर क्षेत्र के गांव लच्छेड़ा रिश्तेदारी में गए थे। इस दौरान उनका मकान बंद पड़ा था। 17 जून को जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।घर के भीतर जाने पर सभी कमरों का सामान बिखरा मिला। चोरों ने कमरों के ताले तोड़ने के साथ अलमारियों और लॉकर को भी तोड़ डाला। पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी आभूषण और करीब 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।पीड़ित ने घटना की सूचना उसी दिन छपार थाना पुलिस को दे दी थी, लेकिन मुकदमा दर्ज करने में देरी होने से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति असंतोष है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि रात्रि गश्त प्रभावी नहीं है।ग्रामीणों ने वरिष्ठ अधिकारियों से क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि चोरी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।छपार थाना पुलिस का कहना है कि शक्ति सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।