मुजफ्फरनगर। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति संबंधी जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के लिए नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अब 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर संबंधित विद्युत उपकेंद्र के व्हाट्सएप समूह से जोड़े जाएंगे, जिससे बिजली कटौती, ब्रेकडाउन और आपूर्ति बहाली की जानकारी सीधे मोबाइल पर पहुंच सकेगी।इस संबंध में निगम के प्रबंध निदेशक कार्यालय से 23 जून को अधीक्षण अभियंता (ऊर्जा लेखा) रघुनाथ द्वारा आदेश जारी किया गया है। आदेश मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, सहारनपुर, गजरौला और मुरादाबाद क्षेत्र के सभी मुख्य अभियंताओं तथा अधीक्षण अभियंताओं को भेजा गया है।विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक उपकेंद्र स्तर पर व्हाट्सएप समूह बनाने की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी थी। मार्च में जारी निर्देशों के तहत सभी उपकेंद्रों पर ऐसे समूह गठित करने को कहा गया था। अब 1912 हेल्पलाइन के शिकायत संबंधी आंकड़ों को भी इन समूहों से जोड़ा जाएगा, ताकि सूचना तंत्र अधिक प्रभावी बन सके।अभी तक बिजली आपूर्ति बाधित होने पर उपभोक्ताओं को जानकारी के लिए हेल्पलाइन पर संपर्क करना पड़ता था या स्थानीय कर्मचारियों से संपर्क साधना पड़ता था। कई बार समय पर सूचना न मिलने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं को कटौती का कारण और बिजली बहाल होने का संभावित समय तुरंत उपलब्ध हो सकेगा।विभाग का कहना है कि गर्मी के मौसम में ट्रिपिंग और तकनीकी खराबी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता स्वयं समूह में संदेश साझा करेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती रहेगी। इससे शिकायत केंद्रों पर कॉल का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।अधिकारियों का मानना है कि वास्तविक समय पर सूचना उपलब्ध होने से विभाग और उपभोक्ताओं के बीच पारदर्शिता बढ़ेगी तथा भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगेगी। निगम ने 15 जुलाई तक सभी उपकेंद्रों पर यह व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके बाद शिकायतों की संख्या और व्यवस्था की प्रभावशीलता की समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group